राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से दक्षद्वीप पर 220 पीपल के पौधे लगाकर ऑक्सीजन लेन बनाई। साथ ही कनखल मंडल के कार्यकर्ताओं ने पौधों की रक्षा का संकल्प लिया। पौधों की सुरक्षा के लिए टी-गार्ड लगाए गए।
कनखल स्थित दक्षद्वीप क्षेत्र में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में बड़ा उदासीन अखाड़े के महंत दामोदर दास ने कहा कि सनातन परंपरा में वृक्षों का विशेष महत्व है। पीपल के वृक्ष को देवता के रूप में पूजा जाता है। यही देवता संकट के समय ऑक्सीजन रूपी प्राणवायु देते हैं। युवा संत रवि देव शास्त्री ने कहा कि 5-6 फुट बड़े पौधे लगाने से उनके जीवित रहने की संभावनाएं अधिक बढ़ जाती हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र बौद्धिक प्रमुख सुशील कुमार ने कहा कि कोरोना काल में सब ने ऑक्सीजन की भारी किल्लत झेली है।
हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण के सचिव डॉ. ललित नारायण मिश्रा ने कहा कि कोई भी कार्य बिना समाज की सहभागिता के संपन्न नहीं हो सकता। इस मौके पर नगर आयुक्त जय भारत सिंह, आरएसएस के जिला संघचालक रोहिताश कुंवर, विभाग प्रचारक शरद कुमार, नगर संचालक डॉ. यतींद्र नागयन, संस्कृत अकादमी के उपाध्यक्ष प्रो. प्रेम चंद्र शास्त्री, जिला प्रचारक अमित कुमार, नगर कार्यवाह गुरमीत सिंह, सह नगर कार्यवाह डॉ. अनुराग, डॉ. रतनलाल आदि मौजूद रहे।