श्रावण मास में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने शिवमूर्ति से ललतारौ पुल और चंडी चौक से ललतारौ पुल को वन-वे किया है। रास्ते के वन-वे होने से इस क्षेत्र में लगने वाले जाम से लोगों को काफी राहत मिली है।
कांवड़ यात्रा प्रतिबंधित होने के बाद भी श्रावण मास में यात्रियों का आवागमन धर्मनगरी में लगातार जारी है। जिसको लेकर यातायात पुलिस ने चंडी चौक से ललतारौ पुल व शिवमूर्ति से ललतारौ पुल को वन-वे किया है। बाहरी प्रदेशों से आने वाली कारों को चंडीचौक से ललतारौ पुल की तरफ नहीं आने दिया जा रहा है। इसके साथ ही शिवमूर्ति से आगे किसी भी ऑटो व कार के प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया हुआ है। वहीं ललतारो पुल की तरफ जाने वाले सभी रास्तों पर भी बैरियर लगाकर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इन दोनों मार्गों पर यातायात के वन-वे होने से जाम से काफी राहत मिली है। यातयात निरीक्षक प्रथम विकास पुंडीर ने बताया कि छह अगस्त तक फिलहाल इसी तरह से ऑटो व कारों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। यदि कोई वाहन चालक नियमों का उल्लंघन करता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।