हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में साइबर ठगों ने पीएनबी पॉलिसी की किस्त जमा कराने के नाम पर एक व्यक्ति से एक लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस के अनुसार, नेकीराम पुत्र अंतू सिंह निवासी शिवालिक नगर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते 26 अप्रैल को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को पीएनबी से जुड़ा बताते हुए उनकी पॉलिसी के बारे में जानकारी दी। संयोग से उसी दिन पॉलिसी की किस्त जमा करने की अंतिम तारीख थी, जिस कारण उन्हें कॉल पर भरोसा हो गया।
आरोप है कि ठग ने बातों में उलझाकर दूसरे मोबाइल नंबर के जरिए उनसे दो ट्रांजेक्शन में कुल एक लाख रुपये डलवा लिए। कुछ देर बाद उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ साइबर ठगी हुई है। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।