- रानीपुर कोतवाली क्षेत्र का मामला, 300 किलो प्रतिबंधित मांस बरामद
निर्माणाधीन मकान में संरक्षित पशु कटान में एक गिरफ्तार, दो फरार
हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान में छापा मारकर पुलिस ने करीब 300 किलो प्रतिबंधित मांस बरामद किया है। मौके से एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर छत से कूदकर फरार हो गए। आरोपियों के खिलाफ उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई।
पुलिस के अनुसार, बुधवार तड़के सूचना मिली कि ग्राम दादूपुर गोविंदपुर में कुरैशियान मस्जिद के आगे नई कॉलोनी में बने एक निर्माणाधीन मकान में कुछ लोग संरक्षित पशु का कटान कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छापा मारा। गेट खोलकर अंदर प्रवेश करते ही कुछ लोग सीढ़ियों से छत की ओर भागने लगे। पीछा करने पर एक युवक सीढ़ियों में फिसलकर गिर गया जिसे पुलिस ने पकड़ लिया जबकि दो अन्य आरोपी छत से कूदकर अंधेरे में फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी आशुतोष राणा ने बताया कि पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम अमन निवासी आईशा कॉलोनी नगीना, जिला बिजनौर हाल मोहल्ला किला लंढौरा, मंगलौर बताया। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साथी फरमान निवासी दादूपुर गोविंदपुर और इसरार निवासी खेड़ी शिकोहपुर, भगवानपुर के साथ मिलकर कटान कर रहा था। मौके से करीब 300 किलो प्रतिबंधित मांस, कटान में इस्तेमाल होने वाले उपकरण व एक बाइक बरामद की गई। मांस का नमूना लेकर जांच के लिए सुरक्षित कर लिया और शेष अवशेषों को नष्ट करवा दिया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।