हरिद्वार। अवैध रूप से सांपों का विष निकालने में एक आरोपी को वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, लेकिन मुख्य आरोपी समेत अन्य लोग अभी भी पकड़ से बाहर हैं। इन्हें पकड़ने के लिए वन टीम ने उत्तर प्रदेश के अमरोहा और गजरोला में दबिश दी। अब विभाग की ओर से आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी करने की तैयारी की जा रही है।
वन टीम की ओर से नौ सितंबर को ग्राम खंजरपुर तहसील रुड़की में छापेमारी के दौरान अवैध रूप से चल रहा सर्प विष एकतित्र करने का केंद्र पकड़ा गया था। इसमें 70 कोबरा और 16 रसल वाइपर पाए गए थे, जो भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम में संरक्षित प्रजाति घोषित है। वन विभाग की टीम की ओर से सांपों को अपने कब्जे में ले लिया गया था। केंद्र का अवैध रूप से संचालन कर रहे मुख्य आरोपी नितिन कुमार निवासी मुजफ्फरनगर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसमें मूल रूप से पौड़ी के रहने वाले विष्णु पंत को वन टीम ने गिरफ्तार कर लिया गया है। यह हरिद्वार में रह रहा था।
हरिद्वार रेंज के रेंजर शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी विष्णु पंत ने पूछताछ और भी नाम बताए हैं, उन्हें भी गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कोर्ट से गैर जमानती वारंट भी जारी कराए जाएंगे, ताकि वन्यजीवों को अनाधिकृत रूप से रखकर विष निकालने वाले आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सके।