हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने चीनी मांझा ले जाते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। प्रतिबंधित मांझा बेचने के लिए लाने से जुड़ी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी का चालान कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को पुलिस संदिग्ध व्यक्ति व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। रात करीब 10.50 बजे पर पुलिस चौधरी चरण सिंह घाट के पास पहुंची। इसी दौरान घाट की ओर से एक युवक सफेद कट्टा लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह घबरा गया और भागने लगा। संदेह होने पर पीछा कर उसे पकड़ लिया गया।
कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि पूछताछ में युवक ने अपना नाम साकिब निवासी बकरा मार्केट ज्वालापुर बताया। उसके पास से मिले कट्टे से 15 रोल चीनी मांझे के बरामद हुए। वह मांझे को बेचने के लिए ले जा रहा था। संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।