- ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र का मामला, 95 कैप्सूल-गोलियां बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने प्रतिबंधित दवाइयों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से ट्रामाडोल युक्त 55 कैप्सूल और 40 अल्प्राजोलम की गोलियां बरामद हुई हैं। एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, एसएचओ चंद्रभान सिंह अधिकारी के नेतृत्व में मंगलवार की देर रात पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इस बीच मुखबिर से सूचना मिली कि राजलोक कॉलोनी के रुकमणी गार्डन में काम करने वाले मजदूरों को एक युवक नशे की दवाएं बेचने आने वाला है।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक का इंतजार करने लगी। कुछ देर बाद सीफील्ड स्कूल की तरफ से पैदल आए युवक को पुलिस ने पकड़ लिया। मौके पर औषधि निरीक्षक हरीश सिंह भी पहुंचे। तलाशी लेने पर उसके पास से प्रतिबंधित दवाइयां बरामद हुई।
सीओ ज्वालापुर संजय चौहान ने बताया कि आरोपी की पहचान सैफ अली निवासी ग्राम सराय ज्वालापुर के रूप में हुई। आरोपी से दवाओं की बिक्री के लिए वैध औषधि लाइसेंस और खरीद-बिक्री संबंधी दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध अनुज्ञप्ति या बिल प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने बताया कि वह पदार्था में मेडिकल स्टोर चलाने वाले आसिफ नाम के व्यक्ति से नकद पैसे देकर दवाएं खरीदता था। वह खुद भी कैप्सूल का सेवन करता है और इन्हें दूसरे लोगों को बेचकर अपना और परिवार का खर्च चलाता था। बुधवार को आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।