हरिद्वार/श्यामपुर। थाना क्षेत्र में स्मैक की तस्करी करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी आजम निवासी ग्राम बोडाहेड़ी, थाना पथरी के कब्जे से 10.15 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में शनिवार रात पुलिस चंडीघाट चौकी क्षेत्र में गौरीशंकर पार्किंग के पास चेकिंग कर रही थी। इसी बीच एक संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। पुलिस के रोकने पर वह मुड़कर भागने की कोशिश करने लगा। कुछ दूरी पर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 10.15 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
इंस्पेक्टर मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। रविवार को कोर्ट में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत थाना खानपुर और पथरी में मामले दर्ज हैं। स्मैक के स्रोत और नेटवर्क के बारे में पड़ताल की जा रही है।