पथरी। थाना क्षेत्र में दुकान से हुई चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई सात हजार रुपये और घटना में प्रयुक्त पिकअप बरामद की गई है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने बताया कि दिनारपुर निवासी दीपक कुमार ने एक मई को थाने में तहरीर देकर अज्ञात व्यक्ति पर दुकान में चोरी करने का आरोप लगाया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं। इसी बीच दो मई की रात मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल आरोपी पिकअप से सुभाषगढ़ की ओर से हरिद्वार की तरफ जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सुभाषगढ़ तिराहे पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया। इस दौरान वाहन में सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आरिफ निवासी जमालपुर, कोतवाली रुड़की बताया और चोरी की वारदात को कबूल कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की गई सात हजार रुपये की नगदी बरामद हुई। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।