हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र में एक मजदूर के साथ शादी और प्लॉट दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई। आरोप है कि महिला समेत दो लोगों ने साजिश के तहत धोखाधड़ी कर नकदी और जेवर लेकर फरार हो गए। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बाबूराम सैनी निवासी झबरे सिंह निवासी लालजीवाला, कोतवाली नगर ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि करीब आठ महीने पहले उसकी मुलाकात सविता निवासी सहारनपुर हाल फुटबॉल ग्राउंड जगजीतपुर से हुई। दोनों ने मंदिर में विवाह कर लिया और कुछ समय तक साथ रहे। सविता ने अपने परिचित प्रवीण सिंह निवासी ग्राम पंजनहेड़ी थाना कनखल से प्लॉट दिलाने की बात कही। इस पर उसने प्रवीण सिंह से संपर्क किया, जिसने एक प्लॉट दिखाया। सौदा तय होने पर दो चेक के जरिए 4-4 लाख रुपये और करीब 45 हजार रुपये दिए।
आरोप है कि इसके बाद दोनों ने रजिस्ट्री कराने का आश्वासन दिया, लेकिन कुछ समय बाद अचानक गायब हो गए और अपने मोबाइल नंबर भी बंद कर लिए। आरोप है कि उसकी गैरमौजूदगी में सविता घर से सोने की अंगूठी, एक जोड़ी सोने के कुंडल, गले का हार, दो सोने के कंगन, दो चांदी के बिछुए, करीब 50 हजार रुपये नकद और प्लॉट का एग्रीमेंट भी लेकर फरार हो गई। इसके बाद से दोनों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि इस संबंध में कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।