हरिद्वार/श्यामपुर। पुरानी हरिद्वारी रोड का चौड़ीकरण और नवीनीकरण होगा। इसके अलावा कुंभ बजट से ही हरिद्वारी रोड पर पथ प्रकाश की भी सुदृढ़ व्यवस्था होगी। सोमवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने ग्राम कांगड़ी की पीठ बाजार में निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि रोड से चार गांवों को फायदा मिलेगा। इसमें ग्राम कांगड़ी, गाजीवाली, ग्राम श्यामपुर से होते हुए ग्राम सजनपुर पीली तक हरिद्वारी रोड का कुल छह किमी दूरी तक चौड़ीकरण और नवीनीकरण कार्य होगा। ये सड़क सात मीटर चौड़ी हो जाएगी। ये कार्य कुंभ निधि से करीब तीन करोड़ की लागत से होगा।
उन्होंने कहा कि हरिद्वारी रोड आवागमन के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि इसी के साथ कांगड़ी से सजनपुर बाहर पीली तक गंगा किनारे साढ़े 7 किमी लंबाई का, साढ़े 5 मीटर चौड़ा और 15 फीट ऊंचाई का विशालकाय तटबंध बनाने का कार्य प्रगति पर है। ये तटबंध भू- कटाव रोकने के साथ ऋषिकेश की भांति आस्था पथ की तर्ज पर बनाया जाएगा। साढ़े सात किमी दूरी का पथ भ्रमण करने योग्य होगा। भविष्य में गंगाघाट भी बन सकेंगे। इस मौके पर श्यामपुर ग्राम प्रधान योगेश चौहान, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुनील पाल, प्रमोद पाल, सुंदर राम रहाणे, फकीरचंद पाल, रमेश चंद कश्यप, सन्नी, अमन पाल, प्रताप सिंह, मुलायम पाल आदि मौजूद रहे।