मतगणना स्थल के प्रवेश द्वार पर की गई बैरिकेडिंग ।
- फोटो : HARIDWAR
आज होने वाली मतगणना के लिए मतगणना स्थल पर तैनात किए गए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों को डीएम व एसएसपी ने आवश्यक दिशानिर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतगणना ड्यूटी में नियुक्त सभी कर्मचारियों व अधिकारियों को को सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी करनी है। इसके साथ ही सभी को उचित तालमेल भी बनाए रखना है।
रोशनाबाद स्थित पुलिस लाइन के सभागार में डीएम विनय शंकर पांडेय और एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने सुरक्षा बल व प्रशासन के अधिकारी को आपसी समन्वय से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने को कहा। इसके साथ ही निर्देश दिए कि मतगणना ड्यूटी में नियुक्त प्रत्येक अधिकारी व कर्मचारी राजनीतिक गतिविधि से दूर रहें। इसके साथ ही किसी भी बाहरी व्यक्ति से संपर्क न रखने की हिदायत भी दी गई।
दोनों अधिकारियों ने कहा कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारी/कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी। एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने कहा कि कोई भी सुरक्षाकर्मी मतगणना कक्ष मे तब तक नही जाएगा जब तक आरओ ना बुलाए। उन्होंने कहा कि मतगणना की लंबी ड्यूटी है सभी लोग अपने आप को मानसिक रूप से तैयार कर ही ड्यूटी पर पहुंचे।
दो चरणों में लगी ड्यूटी
मतगणना ड्यूटी दो चरणों में लगाई गई है। प्रथम पारी में तैनात कर्मचारी सुबह पांच बजे से पहले अपने प्रभारी अधिकारियों को रिपोर्ट करेंगे। इसके साथ ही प्रभारी अधिकारी और यातायात के लिए नियुक्त कर्मचारी सुबह पांच बजे तक अपने ड्यूटी प्वाइंट पर उपस्थित होंगे। बिना पास के कोई भी व्यक्ति मतगणना स्थल के अंदर प्रवेश नहीं करेंगे। मीडिया कर्मियों के लिए शिवडेल स्कूल के परिसर में अलग मीडिया केंद्र बनाया गया है।