उर्वरक बिक्री की नई डिजिटल व्यवस्था लागू, एफएफएस ऐप पर कराना होगा पंजीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादराबाद। किसानों को रासायनिक खाद उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए जिले में उर्वरक बिक्री की नई डिजिटल व्यवस्था लागू कर दी गई है। अब किसानों को खाद खरीदने के लिए फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल (एफएफएस) मोबाइल ऐप के माध्यम से बुकिंग करनी होगी। बुकिंग के बाद मोबाइल पर जारी टोकन दिखाकर संबंधित उर्वरक विक्रय केंद्र से खाद प्राप्त की जा सकेगी।
कृषि अधिकारी अमरेंद्र चौधरी ने बताया कि किसानों को गूगल प्ले स्टोर से एफएफएस ऐप डाउनलोड कर पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद जरूरत के अनुसार खाद की बुकिंग की जा सकेगी। नई व्यवस्था की जानकारी देने के लिए सहकारी समितियों के प्रबंधकों और निजी उर्वरक विक्रेताओं को प्रशिक्षण भी दिया गया है। किसानों को ऐप के इस्तेमाल में परेशानी होने पर क्षेत्रीय कृषि विकास अधिकारी या ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
फार्मर आईडी की अनिवार्यता पर किसानों ने जताई नाराजगी
उधर, नई व्यवस्था में फार्मर आईडी अनिवार्य किए जाने से नाराज किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित से मुलाकात की। किसानों ने बताया कि इस अनिवार्यता के कारण खाद खरीदने में परेशानी हो रही है। उन्होंने व्यवस्था पर रोक लगाने और पूर्व की भांति खाद वितरण कराने की मांग की। डीएम ने किसानों की समस्याएं सुनकर समाधान का भरोसा दिलाया।