हरिद्वार। गंगा की नीलधारा-चंडीद्वीप में जगद्गुरु शंकराचार्य नगर स्थापित होगा। अर्द्घकुंभ मेला प्रशासन ने श्री द्वारिका शारदा पीठ एवं ज्योर्तिमठ बदरीकाश्रम पीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती, जगन्नाथ पुरी पीठ उड़ीसा के शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद महाराज एवं शंकराचार्य स्वामी अद्योक्षजानंद महाराज को नीलधारा चंडीद्वीप में शिविर लगाने के लिए भूमि का आवंटन किया गया है।
मौनी अमावस्या के स्नान पर्व आठ फरवरी से पूर्व शंकराचार्य नगर आबाद हो जाएगा। दो पीठों के शंकराचार्य होने के कारण स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के शिविर के लिए सबसे अधिक लगभग 75 हजार वर्ग फीट भूमि आवंटित की गई है। इसके साथ ही अयोध्या के जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज का दरबार भी नीलधारा में ही लगेगा। गंगा नदी के नीलधारातट पर ही गंगा सेवा अभियान केदारघाट, वाराणसी का शिविर 10 हजार फीट भूमि पर सजेगा। दक्षिण कालीपीठाधीश्वर स्वामी कैलाशानंद ब्रह्मचारी का धार्मिक दरबार मंदिर के सामने ही नीलधारा में लगने जा रहा है। मेला प्रशासन ने अब तक प्राप्त 200 संस्थाओं को शिविर लगाने के लिए भूमि आवंटित कर दी है।
----------------
गौरीशंकर द्वीप में बहेगी अध्यात्म की गंगा
हरिद्वार। नीलधारा-चंडीद्वीप के बाद अर्द्घकुंभ मेला का गौरीशंकर द्वीप दूसरा बड़ा महत्वपूर्ण सेक्टर हो गया है। अधिकांश धार्मिक संस्थाएं गौरीशंकर द्वीप शिविर लगाकर आध्यात्म की गंगा बहाएंगी। गौरीशंकर द्वीप में प्रख्यात आध्यात्मिक संस्था वेदमाता गायत्री पीठ शांतिकुंज का पंडाल 20 हजार वर्ग फीट भूमि पर लगने जा रहा है। भाजपा नेता सतपाल महाराज की मानव उत्थान सेवा समिति का पंडाल 25 हजार वर्ग फीट में लगने जा रहा है। संत मंडल आश्रम धर्माथ ट्रस्ट समिति की चार संस्थाओं को 30 हजार वर्ग फीट भूमि दी गई है। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, बाबा काली कमली पंचायत क्षेत्र, श्री बदरीनाथ, केदारनाथ मंदिर समिति, स्वामी यतींद्रानंद महाराज के जीवनदीप सेवा न्यास को भी गौरीशंकर द्वीप में शिविर लगाने के लिए भूमि का आवंटन किया गया है।
--------------
पंतद्वीप में नहीं मिली आसाराम की संस्था को भूमि
यौन शोषण के आरोप में जेल में बंद आसाराम की संस्था को पंतद्वीप में शिविर लगाने को जमीन नहीं दी जा रही है। मेला प्रशासन ने संस्था को गौरीशंकर द्वीप में कुल 10 हजार वर्ग फीट भूमि आवंटित की है लेकिन संस्था के संचालन अशोक गर्ग इसे नाकाफी बता रहे हैं। उनकी मांग है कि पंतद्वीप में उन्हें उतनी भूमि दी जाए जितनी पूर्व में दी जाती रही है।
------------
बैरागी द्वीप में भी लगेगा शिविर
बैरागी द्वीप कनखल में भी अर्द्घकुंभ मेलाधिष्ठान ने शिविर लगाने के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अखिल भारतीय राष्ट्रीय संत रविदास अखाड़ा को बैरागीद्वीप में 10 हजार वर्ग फीट भूमि का आवंटन कर दिया गया है।