- नगर कोतवाली क्षेत्र में महिला सहकर्मी के साथ ठहरा था होटल में
- पिता ने महिला सहकर्मी की भूमिका पर उठाए हैं सवाल, जांच शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र में होटल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई युवक की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। युवक के साथ होटल के कमरे में ठहरी उसकी सहकर्मी की भूमिका संदिग्ध मानते हुए पिता ने सवाल खड़े किए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर युवती के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, सुरेंद्र सिंह निवासी लंबगांव ग्राम कुराण टिहरी गढ़वाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 20 वर्षीय बेटा साहिल सिंह ऋषिकेश के ब्यासी स्थित पांच सितारा होटल ताज में नौकरी करता था। चार नवंबर की सुबह करीब नौ बजे हरिद्वार पुलिस ने फोन कर उन्हें सूचना दी कि उनके बेटे ने हरिद्वार के एक होटल में आत्महत्या कर ली है।
यह खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना के समय साहिल एक महिला सहकर्मी के साथ होटल में ठहरा हुआ था। बेटे की मौत की परिस्थितियां उन्हें संदिग्ध लग रही हैं। सुरेंद्र सिंह ने आशंका जताई कि इसके पीछे कोई साजिश या आपराधिक कारण हो सकता है। उन्होंने पुलिस से होटल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, ठहरने से संबंधित रिकॉर्ड और मोबाइल फोन समेत अन्य साक्ष्य सुरक्षित कर जांच करने की मांग की है।
वहीं, पुलिस की जांच में सामने आया कि युवक-युवती दोनों होटल में काम करते थे। दो नवंबर को दोनों ने मायापुर में होटल में कमरा लिया था। युवती ने पुलिस की पूछताछ में बताया था कि साहिल ने रात में जब वह सो रही थी तो तब दुपट्टे के सहारे पंखे से कुर्सी पर चढ़कर फंदा लगाया था। जब कुर्सी उसके ऊपर गिरी तो उसे घटना का पता चला था। एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच चल रही है।