अधिकारियों की बैठक लेते जिलाधिकारी ।
- फोटो : HARIDWAR
जिलाधिकारी विनय शंकर पांडेय की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में कोविड-19 टास्क फोर्स समिति की बैठक हुई। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से तीन जनवरी से 15 से 18 आयु वर्ग के बच्चों को वैक्सीनेशन की प्रक्रिया शुरू करने, 10 जनवरी से वैक्सीनेशन की प्रीकॉशन डोज लगाने और वैक्सीनेशन की द्वितीय डोज लगाने की वर्तमान स्थिति की पूरी समीक्षा की।
हरिद्वार अर्बन, भगवानपुर, लक्सर, नारसन, ईमलीखेड़ा और खानपुर क्षेत्रों में कोविड-19 की द्वितीय डोज की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि खानपुर में द्वितीय डोज सभी को लग चुकी है। जिलाधिकारी ने अन्य क्षेत्रों में 10 जनवरी तक शत प्रतिशत वैक्सीनेशन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तीन जनवरी से 15 से 18 आयु वर्ग के बच्चों को कोविड-19 की वैक्सीन लगाने की प्रक्रिया शुरू होनी है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस आयु वर्ग के बच्चों की लिस्ट स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
खंड शिक्षा अधिकारियों से कहा कि प्रधानाचार्यों से संपर्क कर केवल वैक्सीनेशन के लिए बच्चों को स्कूल बुलाया जाए। इस अवसर पर सीडीओ डॉ. सौरभ गहरवार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वीर सिंह बुदियाल, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पीएल शाह, संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की अंशुल सिंह, एसडीएम पूरण सिंह राणा, एसडीएम लक्सर वैभव गुप्ता, एसडीएम भगवानपुर बृजेश तिवारी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. खगेंद्र कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी वीएस चतुर्वेदी, एसीएमओ डॉ. एचडी शाक्य, डॉ. कोमल मौजूद रहे।