श्री साधु बेला उदासीन आश्रम के पीठाधीश्वर आचार्य स्वामी गौरीशंकर दास महाराज ने कहा कि सप्तसरोवर यात्री बहुल्य क्षेत्र मे कुंभ कार्यों को लेकर कोई तेजी नहीं आ पा रही है। कुंभ मेला प्रारंभ होने में बहुत कम समय शेष है। श्रद्धालु भक्तों का आना जाना इस क्षेत्र में लगा रहता है। जिस पर मुख्यमंत्री से मिलकर क्षेत्र की जन समस्याओं को उठाते हुए कार्य शीघ्र कराने की मांग उठाई जाएगी।
आचार्य स्वामी गौरीशंकर दास महाराज ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए गंगा घाटों का सौंदर्यीकरण के साथ-साथ सड़क बिजली पानी की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से लागू कराया जाए। आश्रम अखाड़ों के सौंदर्यीकरण के कार्यों में तेजी लाए जानी चाहिए, जिससे महाकुंभ मेले में शामिल होने वाले संत महंतों व श्रद्धालु भक्तों को किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े। सप्तसरोवर क्षेत्र के मार्गों के पथ प्रकाश व्यवस्था को भी सुचारु किया जाए, जिससे सड़कों पर रात्रि में किसी भी प्रकार की वाहन दुर्घटना न हो। उन्होंने शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ विकास कार्यों में प्रमुखता से ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है। मार्गों के गड्ढे वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबक बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त गंगा घाटों पर पूजा अर्चना व स्नान करने के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में क्षतिग्रस्त घाटों की दशा को सुधारने के प्रयास किए जाने चाहिए। महाकुंभ मेला धर्मनगरी मे अद्भुत रूप से सम्पन्न होना चाहिए। महाकुंभ मेला हिंदुओं की आस्था का पर्व है। सप्तसरोवर क्षेत्र की जनसमस्याओं के निराकरण के समाधान तेजी के साथ किए जाए।