- विश्व मात्स्यिकी दिवस के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री ने गंगा में छोड़ा मछली का बीज
हरिद्वार। विश्व मात्स्यिकी दिवस के उपलक्ष्य में मां गंगा की प्राकृतिक मत्स्य संपदा के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अमरापुर घाट पर 10 हजार मत्स्य बीज छोड़ा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे मां गंगा की स्वच्छता एवं निर्मलता बनाए रखने के साथ ही जलीय जीवों और प्राकृतिक मत्स्य संपदा के संरक्षण में भी सक्रिय भूमिका निभाएं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मां गंगा केवल हमारी आस्था और संस्कृति का आधार ही नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध प्राकृतिक विरासत एवं जैव विविधता का भी महत्वपूर्ण स्रोत हैं। गंगा की निर्मलता, अविरलता और प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। गंगा सहित प्रदेश की नदियों में पाए जाने वाले प्राकृतिक जलीय जीवों एवं मत्स्य संपदा का संरक्षण पर्यावरण संतुलन के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कहा कि नदियों में मत्स्य बीज छोड़ना जैसी पहल प्राकृतिक मत्स्य संसाधनों के संवर्धन एवं संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इससे नदी में मछलियों की उपलब्धता बढ़ाने, जलीय पारिस्थितिकी को मजबूत करने और मत्स्य उत्पादन की संभावनाओं को प्रोत्साहित करने में सहायता मिलती है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि, इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है।
उन्होंने कहा कि नदियों में प्रदूषण रोकना, जलीय जीवों के प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखना और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाना व आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।