युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार विजन की नहीं टेलीविजन की है। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने जुमलेबाजी करके युवाओं के बरगलाया और फिर सत्ता हासिल की। हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा जुमला ही साबित हुआ। उन्होंने कहा कि रोजगार और महंगाई के मुद्दे पर देशभर के युवाओं को लामबंद किया जाएगा।
रविवार को युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी हरिद्वार पहुंचे। हरिद्वार की सीमा में प्रवेश करते ही जगह जगह कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। हरिद्वार में राधाकृष्ण धाम में स्वागत के दौरान युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने कहा कि कोरोना संक्रमण काल में विभिन्न प्रदेशों से युवा अपने प्रदेश लौटे हैं, अब उन्हें रोटी दो, रोजगार दो, अभी दो अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर पूरे देश में रोजगार दो हिसाब दो जवाब दो के तहत अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का विकास का कोई एजेंडा नहीं है। सिर्फ और सिर्फ देश की जनता व नौजवानों को गुमराह किया जा रहा है।
उन्होंने कहा क्या इस देश के अंदर प्रतिरोध और विरोध की आवाज को सत्ता के डंडे के बलबूते दबाए जाने का काम किया जा रहा है। युवक कांग्रेस के साथ पूरे देश के अंदर जनता के हितों की आवाज उठाने पर झूठे मुकदमे और केस दर्ज किए जा रहे हैं। यह सत्ता के जुल्म की पराकाष्ठा है। इस मौके पर युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रवि बहादुर, पूर्व पालिका अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी, प्रदेश सह प्रभारी कृष्ण सतरोड़, प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर, राष्ट्रीय सचिव वैभव वालिया, कुमाऊं सह प्रभारी प्रदीप सूर्या, शहर अध्यक्ष नितिन तेश्वर, प्रदेश उपाध्यक्ष राम विशाल देव, प्रदेश सचिव रवि बाबू शर्मा, प्रदेश महासचिव तबरेज आलम, प्रदेश प्रवक्ता हिमांशु बहुगुणा, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष विमला पांडे, कृष्णा पांडे, जिला प्रवक्ता नीतू बिष्ट आदि मौजूद रहे।
--------------
मोदी राज में रोजगार के अवसर घटे
बहादराबाद। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी का बहादराबाद काली मंदिर तिराहे पर जिलाध्यक्ष अमरदीप रोशन के नेतृत्व में जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मोदी सरकार आने के बाद से रोजगार घटे हैं और बेरोजगार बढ़े हैं। श्रीनिवास ने कहा कि कोविड-19 को लेकर पार्टी के नेता राहुल गांधी ने पहले ही चेता दिया था, लेकिन केंद्र सरकार ने कोई ध्यान नहीं दिया। मन की बात में प्रधानमन्त्री सिर्फ अपनी बात करते हैं पर लोगों मन की बात नहीं सुनते। स्वागत करने वालों में जिला पंचायत सदस्य रोशन लाल, तीर्थपाल रवि, अनिल सैनी, अनिल कुमार, मेहर सिंह, बीएस तेजियां, संदीप कुमार, अश्वनि कुमार, प्रमोद कुमार, विवेक कुमार, अभिषेक, इंतजार, सतपाल, अंकेश, आकाश, अनुज, आरजू सैनी आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।