ज्वालापुर क्षेत्र के सराय में ट्रंचिंग ग्राउंड के बाहर पसरी गंदगी और दुर्गंध से परेशान ग्रामीणों ने दूसरे दिन भी हंगामा किया। ग्रामीणों ने नगर निगम और केआरएल कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे हरिद्वार ग्रामीण विधायक स्वामी यतीश्वरानंद ने नगर निगम के अधिकारियों को फटकार लगाई। वहीं शहरी विकास सचिव शैलेश बगोली से केआरएल के कार्यों की एसआइटी जांच कराने को कहा। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में ग्रामीणों को राहत नहीं मिली तो वह खुद धरने पर बैठ जाएंगे।
रविवार को एक बार फिर सैकड़ों ग्रामीण सराय स्थित कंपोस्ट प्लांट पर पहुंच गए। लोगों ने नगर निगम और केआरएल कंपनी के खिलाफ नारेबाजी की। गुस्साए ग्रामीणों ने कूड़ा वाहनों को भी रास्ते में रोक दिया। हंगामे की सूचना पर हरिद्वार ग्रामीण विधायक स्वामी यतीश्वरानंद मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने विधायक को अपनी समस्या बताई तो उनका पारा चढ़ गया। कुछ ही देर में मौके पर सहायक नगर आयुक्त विनोद कुमार और सेनेटरी इंस्पेक्टर सुनित कुमार मौके पर पहुंच गए। लोगों ने अधिकारियों को जमकर खरी खोटी सुनाई। लापरवाही पर विधायक स्वामी यतीश्वरानंद ने भी अधिकारियों आड़ेे हाथों लिया। विधायक यतीश्वरानंद ने कहा कि कूड़े और दुर्गंध के चलते आसपास के गांवों के ग्रामीण बीमार पड़ रहे हैं। रिश्तेदार गांव में आने से कतरा रहे हैं। लोग पलायन को मजबूर हैं।
उन्होंने जिलाधिकारी सी रविशंकर को बताया कि प्लांट में कूड़े का निस्तारण न होने प्रदूषण फैल रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी से भी मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में सुशील शर्मा, अरविंद, गंगाशरण शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, अंकित चौहान, मनोज शर्मा, रविंद्र, अनिल, कृष्ण कुमार शर्मा, वेद प्रकाश यादव, संजय यादव, कलीम अहमद, ईश्वर यादव, जितेंद्र वालिया, दीपा देवी, पूनम देवी, रूपा देवी, सुनीता देवी, एकता देवी, ज्योति, रितिका, लक्ष्मी देवी, अंजलि देवी, मीना देवी आदि शामिल रहे।
-----------------
हरकत में आए अधिकारी
ग्रामीणों के हंगामे और विधायक की फटकार के बाद अधिकारी हरकत में आ आए। वहां गंधरोधक केमिकल का छिड़काव कराया गया। सहायक नगर आयुक्त ने ट्रंचिंग ग्राउंड का खुला हिस्सा बंद करने के साथ प्लांट को सुचारु रुप से संचालन का आश्वासन दिया।
-----------------------
मौके पर नहीं आए केआरएल के अधिकारी
सहायक नगर आयुक्त विनोद कुमार ने केआरएल के कई अधिकारियों को फोन मिलाया। किसी ने भी सहायक नगर आयुक्त का फोन नहीं उठाया। काफी देर बाद वॉर्कशॉप मैनेजर ने अधिकारी का फोन उठाया, लेकिन वह भी मौके पर नहीं पहुंचे। सहायक नगर आयुक्त ने केआरएल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है।
---------------------
भीड़ ने घेरा तो अधिकारियों के फूले हाथ-पांव
ग्रामीणों की भीड़ सहायक नगर आयुक्त विनोद कुमार और एक अन्य अधिकारियों को घेर लिया। गुस्साई भीड़ को देख अधिकारी भी घबरा गए। तब मौके पर सहायक नगर आयुक्त महेंद्र यादव को बुलाया गया। उन्होंने किसी तरह ग्रामीणों को समझाया।
---------------------
प्रभारी नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
विधायक के मौके से जाने के कुछ देर बाद प्रभारी नगर आयुक्त शैलेंद्र सिंह नेगी कंपोस्ट प्लांट पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ प्लांट का निरीक्षण किया। बड़ी मात्रा में कूड़ा देख प्रभारी नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। वहीं लापरवाही पर अधिकारियों को कंपनी प्रबंधन को तलब करने के निर्देश दिए।
--------------------
पांच बार भेजा नगर निगम को पत्र
केआरएल वेस्ट मैनेजमेंट के प्रबंध निदेशक सुखबीर सिंह ने बताया कि मानसून सीजन में प्लांट का संचालन नहीं किया जाता। क्योंकि बारिश में कूड़े से खाद नहीं बनाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि ट्रंचिंग ग्राउंड का रास्ता धंस गया था। प्रबंधन ने पांच बार निगम को नया रास्ता खोलने के लिए पत्र लिखा। निगम ने कोई कार्रवाई नहीं की। ऐसी स्थिति में कूड़ा एकत्र करना मुश्किल हो गया।