हरिद्वार। प्रदेश में प्राथमिक शिक्षा की बदतर स्थिति को लेकर अक्सर टीका टिप्पणी की जाती है। नकारात्मक माहौल में शिक्षा व्यवस्था भी लगातार लोगों के निशाने पर रहती है। ऐसे में जिले के तीन स्कूलों ने आशा की उम्मीद जगाई है। साफ-सफाई और बेहतर शैक्षिक माहौल के आधार सर्व शिक्षा अभियान की ओर से कराए गए सर्वे में तीन विद्यालय जिले में तो अपनी श्रेष्ठता साबित करने में सफल रहे ही प्रदेश में 22 बेहतर स्कूलों में इन्होंने जगह बनाई है।
नवंबर के पहले सप्ताह में सर्व शिक्षा अभियान की राज्य परियोजना की ओर से प्रदेश के प्राथमिक और जूनियर स्कूलों में विद्यालय स्वच्छता अभियान चलाया था। विद्यालय की साफ सफाई के संबंध में प्रविष्टी भी मांगी थी। फिर इसके लिए एक राज्य स्तरीय कोर कमेटी का गठन किया गया। कमेटी ने जांच पड़ताल के बाद विद्यालयों को उत्कृष्टता की श्रेणी दी। इसके लिए प्रदेश से केवल 40 विद्यालयों को चयन हुआ। इनमें 22 प्राथमिक और 18 जूनियर स्कूल शामिल रहे। इनमें से हरिद्वार के तीन प्राथमिक विद्यालय भी शामिल किए गए। पहले स्थान पर बहादराबाद ब्लॉक से जसवावाला स्कूल, दूसरे पर टाटवाला और तीसरे स्थान पर रुड़की ब्लॉक का बेडपुर प्राथमिक विद्यालय रहा। जसवावाला के प्रधानाध्यापक पंकज चौहान, टाटवाला के शिवा अग्रवाल और बेडपुर की प्रधानाध्यापक हिना कौशर जिले के आदर्श शिक्षक बने हैं। तीनों विद्यालयों को विकास के लिए सरकार की ओर से विशेष अनुदान दिया जाएगा।
इस तरह पढ़ाया स्वच्छता का पाठ
विद्यालय एक: प्रदेश में सबसे पहले अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई शुरू कराने का गौरव बहादराबाद ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय जसवावाला को है। यह विद्यालय तमाम तरह की गतिविधियों के लिए पहले से उत्कृष्ट स्थान हासिल किए हुए हैं वहीं स्वच्छता अभियान में पहला स्थान हासिल करने के चलते इसके ग्रेड में एक स्टार और बढ़ गया है। प्रधानाध्यापक पंकज चौहान ने बताया कि उन्होंने बच्चों को साफ सफाई की प्रेरणा देने के लिए बाल सरकार का गठन किया हुआ है। बच्चे रैली और जागरूकता अभियानों से गांववालों को भी सफाई का संदेश देते हैं।
विद्यालय दो: टाटवाला स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के बच्चों की पढ़ाई का स्तर अन्य विद्यालयों से बेहतर हैं। यहां प्रोजेक्टर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स संसाधनों से भी बच्चों को पढ़ाया जाता है। यह स्कूल जहां साफ सफाई में प्रदेश के चुनिंदा स्कूलों में शामिल हुआ वहीं जिले में दूसरा मुकाम हासिल किया है। शिक्षक शिवा अग्रवाल का कहना है उनका उद्देश्य बच्चों का सर्वांगीण विकास और बेहतर नागरिक बनाना है।
विद्यालय तीन : रुड़की ब्लॉक के बेडपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका हिना कौशर ने बताया कि उनके स्कूल के प्रोजेक्ट बदलाव की बेडपुर पाठशाला ने प्रदेश में अपना स्थान हासिल करने में कामयाबी पाई है। इस प्रोजेक्ट के माध्यम से बच्चों को साफ सफाई के प्रति जागरूकता आई है। गांववालों में भी इस प्रोजेक्ट का असर साफ-साफ दिखाई दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई के बच्चे हमेशा इस सबक को याद रखेंगे। सर्व शिक्षा अभियान की प्रभारी जिला परियोजना अधिकारी पुष्पा रानी वर्मा ने इन तीनों स्कूलों के बेहतर प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अन्य स्कूलों के शिक्षकों को भी ऐसे प्रयास करने चाहिए।