- अपर जिलाधिकारी को दिया सीएम को संबोधित ज्ञापन
- सरकार पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली सहित 12 सूत्री मांगों को पूर्ण कराने के लिए कलेक्ट्रेट भवन पर प्रदर्शन किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता को सीएम को संबोधित ज्ञापन दिया।
फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रियल सर्विसेज एसोसिएशन हरिद्वार के जिला अध्यक्ष सईद अहमद और मंत्री रोहित शर्मा ने कहा कि कनिष्ठ सहायक पद पर ग्रेड वेतन 2800, प्रधान सहायक और प्रशासनिक अधिकारी पद का आवेदन व उपनिदेशक (प्रशासनिक) ग्रेड वेतन 6600, लेवल 11 पद का सृजन आदि प्रमुख मांगें हैं। जिन्हें आश्वासन देने के बाद भी शासन की ओर से पूरा नहीं किया जा रहा है। इस कारण कर्मचारियों में रोष पनप रहा है। मांगें पूरी नहीं होने पर पांच अक्तूबर को परेड ग्राउंड देहरादून से सचिवालय तक विशाल रैली निकाली जाएगी।
प्रांतीय कर्मचारी नेता इमरान अंसारी ने कहा कि एसोसिएशन की ओर से अब आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने पांच अक्तूबर को देहरादून में होने वाली रैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी मांगों के लिए आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।इस मौके पर नवीन मोहन शर्मा, अनिल चौधरी, धीरेंद्र सिंह, चंद्रपाल सिंह, भोमपाल तोमर, बृजेश गुप्ता, रवि कपूर आदि मौजूद रहे।