पथरी। दूध विक्रेता के साथ कुछ युवकों ने लाठी-डंडों, धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। इस बीच गश्त कर रहे पुलिसकर्मी पहुंचे तो आरोपी भाग निकले। एक को पुलिस ने पकड़ लिया, जबकि अन्य फरार हो गए। अगर पुलिस न पहुंचती तो युवक की जान भी जा सकती थी। युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भिजवाया गया। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर रही है। दूध विक्रेता पर हमले की वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
जानकारी के मुताबिक, लक्सर के गांव जसोद्दरपुर निवासी युवक दूध बेचता है। वह रोजाना बाइक पर दूध लेकर बेचने के लिए आता है। बृहस्पतिवार की सुबह भी वह दूध लेकर आ रहा था। तभी कुछ युवकों ने उसका पीछा कर पदार्था में फैक्टरी के पास रोक लिया। इसके बाद लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना का किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार का कहना है कि मामले की जांच की रही है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।