सप्तऋषि। भूपतवाला क्षेत्र में प्राचीन श्रीराम मंदिर आश्रम के सामने स्थित एक इलेक्ट्रिक स्कूटी शोरूम में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से शोरूम में खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी, स्पेयर पार्ट्स, बैटरियां, टायर, कंप्यूटर सिस्टम समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।
बालाजी मोटर्स के संचालक बालेश कुमार ने बताया कि वह रात करीब 10:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। करीब 11:30 बजे पड़ोसियों का फोन आया कि उनकी दुकान में आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। इस बीच खड़खड़ी चौकी पुलिस भी पहुंच गई और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण दो छोटे सिलिंडर भी तुरंत खाली हो गए। उन्होंने बताया कि अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद मायापुर फायर स्टेशन से दमकल वाहन करीब 12:30 बजे मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाया। तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जल चुका था।
शोरूम में एएस कंपनी की छह इलेक्ट्रिक स्कूटी थीं। इसके अलावा मरम्मत के लिए आई पांच-छह ग्राहकों की स्कूटी भी आग की भेंट चढ़ गईं। दुकान में रखे नए टायर, मोटर, बैटरियां, चार्जिंग किट, आधुनिक उपकरण, दो एलसीडी और कंप्यूटर सिस्टम भी पूरी तरह नष्ट हो गए। उनका कहना है कि एमसीबी बॉक्स में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका है। जब उन्होंने शटर खोला तो आग और तेजी से फैल गई। अग्निशमन अधिकारी बीरबल सिंह का कहना है कि आग से कोई जनहानि नहीं हुई है। कारणों की जांच की जा रही है।