हरिद्वार। शिवालिक नगर में मोटरसाइकिलों पर आए नकाबपोशों ने एक दुकान में घुसकर युवक पर हमला कर दिया। शोर सुनकर आए परिजनों से भी गाली-गलौज कर हत्या की धमकी दी। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। दुकानदार ने गैस प्लांट चौकी में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
जानकारी के मुताबिक, शिवालिक नगर स्थित क्यू कलस्टर 262 में सुमित पांडे की इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान है। पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया कि रविवार दोपहर में चार-पांच मोटरसाइकिलों पर 10-12 नकाबपोश आए और धारदार हथियार व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट करते हुए धमकी दी। शोर सुनकर उसके परिजन आए तो उन्हें भी हत्या करने की धमकी देते हुए आरोपी भाग निकले।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में बाइक सवार आरोपी कैद हो गए। इसका वीडियो भी सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बता दें कि शिवालिक नगर में लूट, चेन स्नेचिंग की घटनाएं होने के बाद अब नकाबपोशों के दिनदहाड़े दुकान में घुसकर हमला करने से पुलिस की गश्त पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी।