शहर से संदिग्ध परिस्थिति में एक विवाहिता के लापता होने का मामला सामने आया है। विवाहिता के लापता होने के बाद परेशान मायके पक्ष के लोग बुधवार को कोतवाली पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। परिजनों ने विवाहिता के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए उसकी जल्द तलाश करने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिलाप नगर ढंडेरा निवासी पीड़ित ने बताया कि उनकी बेटी का विवाह मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के मुंडलाना निवासी युवक से हुआ है। शादी के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। परिजनों ने बताया कि करीब दो साल से दोनों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा है। आपसी मनमुटाव के कारण पति-पत्नी अलग रह रहे हैं। वहीं, दोनों के बीच चल रहे विवाद से संबंधित एक मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है।
परिजनों के मुताबिक, मंगलवार को विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिवार के लोगों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद बुधवार को परिजन रुड़की कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। बेटी का पता नहीं चलने से परिवार के लोग चिंतित हैं और उन्होंने उसके साथ अनहोनी होने की आशंका भी जताई है। रुड़की कोतवाली पुलिस के मुताबिक, विवाहिता के मोबाइल नंबर और अन्य उपलब्ध जानकारियों के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है। मामले की जांच के लिए विवाहिता के पति को भी कोतवाली बुलाकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।