हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदू में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत पर ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति और ससुराल वालों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
अभिषेक पुत्र राम निवास निवासी ग्राम उमरसिया थाना सदर केन्ट जिला बरेली यूपी ने शिकायत देकर बताया कि बताया कि उन्हें 7 जुलाई सोमवार को को सूचना मिली कि उसकी बहन शालिनी की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही वह रात करीब 11 बजे अपने पिता और भाई के साथ हरिद्वार पहुंचे। शालिनी का शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में मिला। अभिषेक का आरोप है कि शालिनी की शादीशुदा ज़िंदगी काफी समय से तनावपूर्ण चल रही थी। उन्होंने बताया कि बरेली की अदालत में शालिनी ने अपने पति राजेश और ससुराल पक्ष के खिलाफ केस दायर किया हुआ था। इसके अलावा भरण-पोषण के लिए भी मुकदमा दायर किया गया था। कहा कि ससुराल पक्ष के लोग इन मामलों से बचने के लिए हरिद्वार में रहने लगे थे, लेकिन यहां भी शालिनी को लगातार प्रताड़ना झेलनी पड़ी। पीड़ित परिवार का दावा है कि शालिनी ने कई बार फोन पर जान का खतरा होने की जानकारी भी दी थी।
आरोप लगाया कि सात जुलाई को राजेश व उसके परिजनों ने साजिशन शालिनी की हत्या कर दी और मौके से डेढ़ माह के बेटे व चार साल की बेटी को लेकर फरार हो गए। थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।