टिहरी जिले की एक विवाहिता ने गंगनहर में छलांग लगा दी। जल पुलिस के गोताखोरों ने बमुश्किल उसे बचाया। वहीं सिडकुल से सटे एक गांव में विवाहिता ने जहर खाकर जान देने का प्रयास किया। दोनों घटनाओं के पीछे गृह क्लेश माना जा रहा है। टिहरी निवासी विवाहिता का पति दुबई में काम करता है। दोनों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मायापुर में डामकोठी गंगनहर घाट के पास एक विवाहिता काफी देर से टहल रही थी। अचानक उसने गंगनहर में छलांग लगा दी। आसपास के लोगों का शोर सुनकर डामकोठी की बगल में मौजूद जल पुलिस के गोताखोर घाट पर पहुंचे और महिला को बचाने के लिए नहर में कूदेे। गोताखोरों ने महिला को बचा लिया। प्राथमिक उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल भिजवाया गया। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह टिहरी के घनसाली पट्टी के एक गांव की रहने वाली है। उसका पति दुबई में काम करता है। हालांकि उसने खुदकुशी का प्रयास क्यों, इसकी ठोस वजह विवाहिता नहीं बता पाई।
वहीं दूसरी तरफ सिडकुल से सटे रावली महदूद गांव में एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खा लिया। परिजन आनन फानन में नजदीक के चिकित्सक के पास ले गए। उसने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों विवाहिताएं जिला अस्पताल में भर्ती हैं।
युवती ने पकड़ा राहगीरों का हाथ, दी गालियां
रेलवे स्टेशन के बाहर एक युवती ने जमकर उत्पात मचाया। युवती ने कई बार स्टेशन आने जाने वाले यात्रियों का हाथ पकड़ा और उन्हें खूब गालियां दी। राहगीर बमुश्किल हाथ छुड़ाकर आगे बढ़ते गए। सूचना पर जीआरपी थाने से दो सिपाही वहां पहुंचे और युवती को फटकार कर आगे बढ़ाया। पुलिस के मुताबिक युवती मानसिक रूप से विक्षिप्त है। युवती के हंगामा के दौरान स्टेशन के बाहर तमाशबीनों का जमावड़ा लगा रहा।