हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में एक विवाहिता का दहेज के लिए उत्पीड़न करने का मामला सामने आया है। शर्त रखकर शादी कराई गई। इसके बाद दहेज के लिए उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। महिला हेल्पलाइन में चली काउंसिलिंग के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रफत निवासी मोहल्ला मैदानियान ज्वालापुर ने शिकायत में बताया कि शादी से पहले उसके ससुर इकबाल, सास अनीशा और देवर साकिब ने उसके परिवार के सामने शर्त रखी थी कि उनकी बेटी रुकसार की शादी उसके भाई राव ओवेश से की जाए। परिवार ने परिस्थितियों के चलते शर्त स्वीकार कर ली। इसके बाद रुकसार का निकाह छह नवंबर 2024 को हो गया।
रफत का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही पति फैसल, ससुर इकबाल, सास अनीशा और देवर साकिब दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान करने लगे। उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। आरोप है कि विवाद होने के बाद 25 जुलाई 2025 को रुकसार घर में रखे सोने-चांदी के जेवर और अन्य सामान लेकर मायके चली गई। उस समय वह गर्भवती थी और बाद में उसने मायके में बच्चे को जन्म दिया। आरोप लगाया कि रुकसार अपने पति राव ओवेश के साथ ससुराल लौटने को तैयार नहीं है और उसे बच्चों से भी मिलने नहीं दिया जा रहा है।
आरोप है कि रुकसार का भाई साकिब राव ओवेश को घर के आसपास दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी देता है। आरोप लगाया कि बीती 10 मई को उसके ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की और उसके पहने हुए गहने छीन लिए। घटना की जानकारी उसने मायके वालों को दी, जिसके बाद उसके भाई राव ओवेश ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से उसे ससुराल से बाहर निकाला गया। घटना के बाद से उसका पति और ससुराल पक्ष उसे अपने साथ रखने को तैयार नहीं हैं। क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर संजय चौहान ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।