हरिद्वार। नगर निगम के पेयजल टैंकर के टायर गायब होने को लेकर भाजपाइयों का आंदोलन रविवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने एमएनए के पुतले की शव यात्रा निकालकर उनके खिलाफ नारेबाजी की। भाजपाइयों ने उन्हें कांग्रेस का एजेंट करार दिया।
नगर निगम को विधायक निधि से मिले पेयजल टैंकर के टायर गायब हो गए। जिसके कारण इसका सद्पयोग नहीं हो रहा है। टायर गायब होने के लिए भाजपा कार्यकर्ता एमएनए को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। रविवार को भाजपाइयों ने एमएनए के खिलाफ प्रदर्शन किया। पार्षद वंदना गुप्ता ने कहा कि एमएनए ने 24 घंटे के अंदर पानी के टैंकर पर नए टायर नहीं लगवाए तो उनके खिलाफ आंदोलन तो होगा ही, मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। किसान मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष अर्पित अग्रवाल ने जन सुविधा के लिए खरीदे गए पानी के टैंकरों के पहिये निकालने को आपराधिक घटना करार दिया। टैंकर गरीबों के काम न आ जाएं इसलिए ऐसा किया गया है। आलोक मिश्रा व सुंदरलाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जानबूझकर ऐसी अधिकारी को हरिद्वार भेजा जो जनता को परेशान और भाजपा को बदनाम कर सके। इस मौके पर अनमोल कुमार, आशुतोष शर्मा, उपेंद्र गुप्ता, ब्रजभूषण पांडेय, आरके शर्मा, शिमला देवी, सिद्धांत लोहट, मोहित चमोली, आकाश शर्मा, गौरव मिश्रा, संजय जिंदल आदि मौजूद रहे।