हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र में रेलवे गेट नंबर-6 के सामने कार की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक व्यक्ति को अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों के उसे मृत घोषित करने के बाद चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस के अनुसार, घटना बृहस्पतिवार रात की है। जब रेलवे गेट नंबर-6 के सामने एक कार ने व्यक्ति को टक्कर मार दी है। इसकी सूचना किसी ने कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जानकारी लेने पर पता चला कि गुजरात नंबर की कार के चालक ने घायल व्यक्ति को स्वयं अस्पताल पहुंचाया था। पुलिस जब मेला अस्पताल पहुंची तो वहां कार चालक नहीं मिला। अस्पताल कर्मियों से जानकारी मिली कि घायल को अस्पताल लाने वाले चालक ने उसे उपचार के लिए भर्ती कराया था, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद चालक वहां से चला गया।
सर्किल अधिकारी सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।