हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में कोतवाली एक युवक को कार से टक्कर मारने के बाद हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक के बेहोश होने पर पंच से हमला किया गया। उसके सिर में 17 टांके आए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार, जितेंद्र कुमार निवासी कड़च्छ मोहल्ला ज्वालापुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र अनुराग 30 दिसंबर की शाम करीब 7:40 बजे जटवाड़ा पुल से घर लौट रहा था। इसी दौरान उसके मित्र दानिश ने फोन कर उसकी लोकेशन पूछी, जिस पर अनुराग ने घर जाने की बात कही। कुछ देर बाद जब उसे फोन किया तो मोबाइल नंबर बंद मिला। इसके बाद परिजन तलाश करते हुए डॉ. नारंग के क्लीनिक पहुंचे, जहां पता चला कि अनुराग पर हमला हुआ है।
आरोप है कि शाहनूर, समोईल, दानिश और शोएब उर्फ आलू ने उस पर हमला किया। उसके सिर में 17 टांके आए। सोमवार को मामले में तहरीर आने पर मामला दर्ज किया गया। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।