देहरादून के एक प्रेमी युगल को युवती के ही परिजनों ने गैस प्लांट चौकी क्षेत्र में घूमते हुए पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। हरिद्वार पुलिस ने सहसपुर पुलिस को बुलाकर युगल को उनकी सुपुर्दगी में दे दिया।
पांच दिन पूर्व देहरादून के सहसपुर क्षेत्र से एक प्रेमी युगल फरार हो गया था। तब से युवती के परिजन उसकी ढूंढ में जुटे थे। हालांकि सहसपुर पुलिस को इस बाबत जानकारी नहीं दी गई थी। शुक्रवार दोपहर युवती के परिजन यहां गैस प्लांट चौकी क्षेत्र से युगल को ढूंढ निकाला। फिर वह उन्हें लेकर सीधे पुलिस चौकी आ पहुंचे।
पुलिस के समक्ष परिजनों ने युवती को उनकी सुपुर्दगी में देने को कहा। ये भी कहा कि युवक को भी उसके परिजन के सुपुर्द किया जाए। लेकिन मामला अलग-अलग समुदाय से जुड़ा होने के चलते पुलिस ने उनकी एक न सुनी। फिर सहसपुर पुलिस को सूचना दी गई। कोतवाली प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि युवक का शटरिंग का काम है और युवती इंटर तक पढ़ी लिखी है। युगल मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखता है। उन्होंने बताया कि युगल को सहसपुर पुलिस को सौंपा दिया है।