चंडीगढ़ से तस्करी कर लाई गई अंग्रेजी शराब की खेप बरामद करते हुए ज्वालापुर पुलिस ने एक तस्कर को दबोचा है। बड़ी बात यह है कि लग्जरी कार से शराब की तस्करी हो रही थी। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार करते हुए कार सीज कर दी गई।
बृहस्पतिवार की सुबह पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र में शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना पर ज्वालापुर पुलिस ने सीतापुर बाईपास पर जाल बिछा दिया। इसके बाद पुलिस टीम ने रुड़की की ओर से आ रही एक लग्जरी कार को रोक लिया। कार के अंदर से आठ पेटी अंग्रेजी शराब की बरामद हुई। कार चला रहे युवक ने अपना नाम अम्बरीक सिंह निवासी पीपली कुरुक्षेत्र हरियाणा बताया। एसआई प्रकाश राणा ने बताया कि चंडीगढ़ मार्का की बरामद शराब की कीमत करीब सत्तर हजार रुपये के आसपास है। शराब कहां सप्लाई की जानी थी, इस संबंध में जानकारी मिली है। उस व्यक्ति की भी तलाश की जा रही है। शराब तस्करी में प्रयुक्त कार आरोपी ने अपने जीजा की बताई है।