हरिद्वार। ग्राम नलोवाला में स्टोन क्रशर के विरोध में चल रहा ग्रामीणों का आंदोलन तीसरे दिन दो खेमों में बंट गया है। सोमवार को धरना स्थल पर पहुंचे क्षेत्रीय विधायक यतिश्वरानंद और भाजपा मंडल अध्यक्ष अश्वनी पाल ने भी आंदोलन का समर्थन किया। विधायक ने कहा कि स्टोन क्रशर के नाम पर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। दूसरी ओर ग्रामीणों का एक खेमा स्टोन क्रशर के पक्ष में आ गया है। उन्होंने स्टोन क्रशर को रोजगार से जुड़ा हुआ बताते हुए इसका समर्थन किया है। जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर उन्होंने कुछ लोगों पर अनावश्यक विरोध करने का आरोप लगाया।
नालोवाला में आबादी के पास और स्कूल से सटाकर लगाए गए स्टोन क्रशर को बंद कराने की मांग को लेकर ग्रामीण तीन दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि स्टोन क्रशर के कारण आसपास की खेती प्रभावित हो रही है। इस वजह से मात्र 50 मीटर की दूरी पर बने विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है । बार-बार शिकायत करने पर भी प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। सोमवार को धरने को समर्थन देने पहुंचे विधायक स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि वे इस मामले को विधानासभा में भी उठाएंगे। उन्होंने जिलाधिकारी से भी फोन पर वार्ता की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कार्रवाई नहीं की गई तो 17 जून से ग्रामीणों के साथ वे खुद भी अनशन शुरू करेंगे।
आज धरने पर नजाकत अली, मुमताज अली, पप्पू, यामीन, शमशेर, रियाज अली, बाबू खटाना, मेघराज, नब्बुद्दीन, ताज लोढ़ा, ईनाम अली, शाहनवाज, मुमताज लोढ़ा, मुस्तू, सानू अंसारी तथा सरफराज आदि बैठे।
दूसरी ओर ग्रामीणों का एक गुट स्टोन क्रशर के समर्थन में भी आ गया है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर स्टोन क्रशर बंद नहीं करने की मांग की। ज्ञापन पर अजय चौधरी, इरशाद अली, हिदायत अली, मुमताज, अजमल, आमीर आदि के नाम लिखे गए हैं। हालांकि जब इस बारे में पूर्व जिला पंचायत सदस्य अजय चौधरी से बात की गई तो उन्होंने अपनी ओर से ऐसे किसी भी ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने से इंकार किया।