कनखल कोतवाली क्षेत्र में डिलीवरी के लिए जा रहे छोटा हाथी वाहन से एलईडी टीवी चोरी कर लिया गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की गई एलईडी टीवी भी बरामद कर ली है। आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस के मुताबिक, अमेजन कंपनी में डिलीवरी का काम करने वाले रघुवीर निवासी बरेली, उत्तर प्रदेश ने 19 अक्तूबर को कनखल थाने में तहरीर दी थी। उसने बताया कि वह अपने साथी अनश के साथ छोटा हाथी वाहन में ग्राहकों का सामान लेकर डिलीवरी के लिए निकला था। जगजीतपुर में पीठ पुलिया के पास पहुंचने पर उसे वाहन के पीछे किसी के चढ़े होने का आभास हुआ। वाहन रोककर देखा तो एक युवक गत्ते के डिब्बे में रखी सैमसंग की एलईडी टीवी लेकर भाग रहा था। दोनों ने उसका पीछा किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके बाद मंगलवार मंगलवार को आरोपी अजय बिटौलिया निवासी पीठ बाजार, जगजीतपुर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की गई एलईडी टीवी बरामद कर ली गई। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।