रानीपुर और बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में दो लोगों से हुई ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने दो प्राथमिकी दर्ज की हैं। रानीपुर में फर्जी निवेश एप के जरिये एक व्यक्ति से 2.74 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। बहादराबाद क्षेत्र में ई-चालान का लिंक क्लिक करने पर एक व्यक्ति के मोबाइल को हैक कर उसके दो बैंक खातों से 1.43 लाख रुपये निकाल लिए गए। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रानीपुर क्षेत्र के बीएचईएल निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पिछले दिनों फर्जी निवेश एप के माध्यम से उनके साथ 2.74 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई थी। इस संबंध में साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर साइबर सेल ने 1,06,839 रुपये होल्ड करा दिए थे। शिकायत साइबर सेल से ट्रांसफर होकर आने के बाद अब पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
वहीं, दादूपुर गोविंदपुर स्थित शिव विहार कॉलोनी निवासी युवक ने पुलिस को बताया कि 15 अक्तूबर को उनके मोबाइल पर ई-चालान का संदेश आया। संदेश में दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बाद उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद उनके एक बैंक खाते से 95 हजार और दूसरे खाते से 48 हजार निकल गए। इस तरह कुल 1.43 लाख रुपये की चपत लग गई। एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई हैं। जांच चल रही है।