हरिद्वार। कुंभ मेले की तैयारियों के तहत रोड़ी-बेलवाला क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने की कवायद तेज हो गई है। कुंभ मेला पुलिस अब इस क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के साथ ही यातायात व्यवस्था को भी दुरुस्त करेगी। इसके लिए कुंभ मेले को आवंटित 250 होमगार्ड जवानों की तैनाती की जाएगी। शुक्रवार को एएसपी कुंभ जोधराम जोशी ने जवानों को ब्रीफ कर उनकी जिम्मेदारियां तय कीं।
आईजी कुंभ वाईएस रावत के निर्देश पर आयोजित ब्रीफिंग में एएसपी जोधराम जोशी ने जवानों को निर्धारित ड्यूटी स्थलों पर मुस्तैदी से तैनात रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता होगी। उच्चाधिकारियों के निर्देशों के अनुसार अतिक्रमणकारियों को नियमानुसार हटाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जवानों से कुंभ क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी से ड्यूटी करने को कहा। साथ ही रोड़ी-बेलवाला क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।