हत्या के एक मामले में छापेमारी करने सोमवार की रात कलियर पुलिस लक्सर के खड़ंजा कुतुबपुर गांव पहुंची और जांच पड़ताल की। जांच में आए लक्सर कोतवाली के एक दारोगा पर ग्रामीणों ने महिलाओं से अभद्रता करने का आरोप लगाया।
इसके विरोध में मंगलवार की सुबह ग्रामीण पुलिस क्षेत्राधिकारी के कार्यालय पहुंचे और धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों की मांग है कि आरोपी दारोगा को लक्सर कोतवाली से तुरंत हटाया जाए।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने ग्रामीणों को आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया, लेकिन ग्रामीण किसी भी सूरत में दारोगा को हटाए बिना धरना समाप्त करने को राजी नहीं हैं।
खड़ंजा कुतुबपुर गांव ग्रामीण मंगलवार को पुलिस क्षेत्राधिकारी कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिन पहले पिरान कलियर के एक व्यक्ति शेर अली की हत्या हो गई थी।
मामले में पिरान कलियर की पुलिस गांव के अयूब व कयूम दो भाई के घर आई थी। पिरान कलियर की पुलिस के साथ लक्सर कोतवाली के एक एसआई भी उनके साथ थे। ग्रामीणों का आरोप है कि लक्सर कोतवाली के एसआई ने रात नशे की हालत में महिलाओं के साथ अभद्रता और पुरुषों के साथ मारपीट की। ग्रामीणों ने पुलिस क्षेत्राधिकारी को मामले से अवगत कराते हुए एसआई को तुरंत कोतवाली से हटाने की मांग की। पुलिस क्षेत्राधिकारी आरएस टोलिया ने ग्रामीणों को समझाते हुए कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और यदि आरोपों की पुष्टि होती है, तो कार्रवाई होगी। पुलिस क्षेत्राधिकारी के आश्वासन पर भी ग्रामीण संतुष्ट नहीं हुए और कार्यालय के बाहर ही धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों की मांग है कि आरोपी एसआई को न हटाए जाने तक धरना जारी रहेगा। पुलिस क्षेत्राधिकारी से मिलने आए लोगों में जिला पंचायत सदस्य अब्दुल मन्नान, अयूब, कयूम, कामिल, शमशाद, मुंतयाल, मेहरबान, जाबिर, नूरहसन, अलीहसन, यूसुफ आदि मौजूद रहे।