80 वर्षीय महिला के घर में घुसकर उसके हाथ-पैर और मुंह बंदकर लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुंह बंद करने से दम घुटने से महिला की मौत हो गई थी। वहीं घटना में शामिल चौथा आरोपी फरार है। पुलिस ने घर से चुराए सामान और घटना में प्रयुक्त साइकिल भी बरामद कर ली है।
कनखल थाना क्षेत्र के गांव मिस्सपुर स्थित भगीरथ विहार कालोनी निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला राजदुुलारी का शव 21 मई को घर के अंदी ही मिला था। महिला के हाथ-पैर और मुंह बंधा था। घर में सामान भी उलट-पुलट था। पुलिस ने इस मामले में महिला के बेटे विनय कुमार की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
शुक्रवार को एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय और सीओ सिटी अभय प्रताप सिंह ने पत्रकारों को बताया कि 17 जून की रात को कनखल थाना प्रभारी कमल कुमार लुंठी गश्त कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर चोरी की योजना बनाते तीन लोगों को खोखरा तिराहे के पास से पकड़ा। पुलिस ने उसने पूछताछ की तो आरोपियों ने अपना नाम सोमपाल उर्फ सोमा और सोनवीर उर्फ सोनू निवासी भोकरहेड़ी मुजफ्फरनगर, हाल निवासी निरंजनपुर बताया। वहीं तीसरे आरोपी ने अपना नाम नीटू निवासी डेरियों थाना खानपुर, हाल निवासी जय सिंह चौधरी का बाग लक्सर बताया।
पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि वह बंद घरों को अपना निशाना बनाते हैं। 21 मई को भगीरथ विहार कालोनी में भी लूटपाट के मकसद से 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला राजदुुलारी के घर में घुसे थे। राजदुुलारी अकेली थी और उसका हाथ-पैर बांधने के बाद कपड़े से मुंह बंद कर दिया। ताकि वह शोर न मचा सके। इसके बाद लूटपाट करने के बाद चले गए। मुंह बांधा होने से दम घुटने से महिला की मौत हो गई। घटना में शामिल चौथा आरोपी मीनू फरार है, पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
-----
आरोपियों से यह सामान हुआ बरामद
हरिद्वार। पुलिस ने आरोपियों से एक टूटा हुआ ताला, ताला तोड़ने में प्रयुक्त सरिया, एक जोड़ी टॉप्स, एक चेन पीली धातु की, दो मालाएं, दो एटीएम कार्ड, एक आधार कार्ड, एक आरसी व घटना में प्रयुक्त की गई साइकिल बरामद की हैं।
----
आरोपी पहले भी जा चुके हैं जेल
आरोपी सोमपाल उर्फ सोमा के खिलाफ थाना श्यामपुर में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं सोनवीर के खिलाफ लक्सर थाने और नीटू के खिलाफ पथरी थाने में मुकदमा दर्ज है। आरोपी पहले भी कई बार जेल जा चुके हैं।
----
150 से अधिक सीसीटीवी की फुटेज खंगाली
पुलिस ने घटना का खुलासा करने के लिए 150 से अधिक सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही 200 संदिग्ध व्यक्तियों और पहले भी प्रकाश में आए चोर, लुटेरों व नकबजनों से पूछताछ की।
----
केयर टेकर भी हुई थी पूछताछ
पुलिस ने महिला राजदुलारी के केयर टेकर अमित से भी कई बार थाने बुलाकर पूछताछ की थी। वहीं सीआईयू की टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों के मोबाइल नंबर की सीडीआर प्राप्त कर उसकी जांच की थी।