फिल्म अभिनेत्री पत्नी अलीशा खान से फिर नया विवाद जुड़ गया है। पति लव कपूर ने अलीशा से स्वयं की जान को खतरा बताया है। पत्नी की मौजूदगी में ही पति ने यह आरोप लगाए हैं। इधर, पत्नी ने भी पति पर आरोप लगाए। करीब आधे घंटे तक थाने में आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे दंपति को पुलिस ने पारिवारिक विवाद बताकर पिंड छुड़ाया।
यूपी के गाजियाबाद की रहने वाली फिल्म अभिनेत्री अलीशा खान कुछ समय से हरिद्वार में सुर्खियां बटोर रही हैं। कनखल की ज्ञानलोक कालोनी निवासी पति लव कपूर के खिलाफ वे पहले भी मोर्चा खोल चुकी है। पत्नी के सड़क पर उतरने के बाद ही लव कपूर को आखिर सामने आना ही पड़ा था और फिर दंपति एक हो गए थे। तब से वे एक साथ ही रह रहे थे, लेकिन शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे पति-पत्नी एक साथ ही कनखल थाने पहुंचे। पति लव कपूर ने पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि वह मारपीट पर उतारु हो जाती है और वह खौफजदा है। उसने पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
इधर, मौके पर ही मौजूद अभिनेत्री ने पति की खातिर अपना करियर, परिवार दांव पर लगाने की बात कही। एसआई भवानी शंकर पंत करीब आधे घंटे तक दंपति को समझाते रहे। नहीं मानने पर पुलिस ने इसे पारिवारिक मामला बताकर पल्ला झाड़ लिया। फिर दंपति वहां से चला गया। एसआई भवानी शंकर पंत ने बताया कि दंपति ने कोई लिखित में शिकायत एक दूसरे के खिलाफ नहीं दी है, केवल मौखिक आरोप ही लगा रहे थे।