हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार के खड़खड़ी क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक कांवड़ यात्री की मोटरसाइकिल में बीच सड़क आग लग गई। चंद मिनटों में लपटें तेज हो गईं और आसपास मौजूद कांवड़ियों व स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी फैल गई। राहत की बात यह रही कि भीड़भाड़ के बीच हुई इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। दमकल कर्मियों ने पहुंचकर आग पर काबू पाया।
शनिवार की दोपहर बाइक सवार कांवड़ यात्री खड़खड़ी मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान चलते वाहन से धुआं निकलता दिखाई दिया और देखते ही देखते बाइक आग की चपेट में आ गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बाइक रोक दी और दूर हट गया। आसपास मौजूद लोगों ने भी एहतियातन दूरी बना ली। सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी। दमकल कर्मियों ने शेष आग पर काबू पाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
एसएफओ बीरबल सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट या इंजन की तकनीकी खराबी की आशंका जताई है। वाहन स्वामी की पहचान की जा रही है और मामले की जांच की जा रही है।