- यात्रा शुरू होने से अब तक 45.35 लाख शिवभक्त भर चुके हैं गंगाजल
हरिद्वार। कांवड़ यात्रा चरम पर पहुंचने लगी है और शिवभक्तों का जनसैलाब उमड़ रहा है। शनिवार शाम छह बजे तक 20 लाख 25 हजार शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो चुके थे। इसके साथ ही कांवड़ यात्रा शुरू होने से अब तक गंगाजल भरकर लौटने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 45 लाख 35 हजार पहुंच गई है। बड़ी संख्या में कांवड़ियों के लौटने के बावजूद मेला क्षेत्र और प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बनी हुई है।
कांवड़ यात्रा की विधिवत शुरुआत 30 जुलाई से हो गई थी। धीरे धीरे यात्रा चरम पर पहुंचने लगी और शिवभक्तों की भीड़ बढ़ने लगी है। हर हर महादेव और बम बम भोले के जयकारों के साथ शिवभक्त गंगाजल भरकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि शनिवार को 20 लाख 25 हजार कांवड़ यात्रियों ने शाम छह बजे तक गंगाजल भरा और अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है। मेला क्षेत्र, हरकी पैड़ी, कांवड़ मार्गों और प्रमुख चौराहों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन और आपातकालीन व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।