हरिद्वार। जिलाधिकारी हरबंश सिंह चुघ के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन जेएस नगन्याल और एसपी सिटी नवनीत सिंह ने अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ कांवड़ की व्यवस्थाओं के संबंध में नहर पटरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उन्होंने नगर निगम को शीघ्र शौचालय निर्माण, झाड़ी कटान करने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा। ऊर्जा निगम को कांवड़ मार्ग पर बिजली की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत को संपूर्ण कांवड़ पटरी पर झाड़ी कटान और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कांवड़ पटरी को गड्ढा मुक्त रखने को कहा। निरीक्षण के दौरान जल निगम के अधिशासी अभियंता मोहम्मद मीसम, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता मनीष सेमवाल आदि अधिकारी मौजूद थे।