पथरी। पथरी में बसे टिहरी बांध विस्थापित लोगों ने सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग करने पर विरोध जताया। घिस्सुपुरा से आदर्श टिहरी नगर व टिहरी भागीरथी नगर से होते हुए सुभाषगढ़ जाने वाली सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है।
ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को पत्र भेजा है। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने और ठेकेदार व जेई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने चेताया कि अगर सड़क निर्माण में गुणवत्ता के मानकों के अनुसार सामग्री का इस्तेमाल नहीं किया गया तो वह जल्द ही अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे।
बहादराबाद ब्लाॅक प्रमुख प्रतिनिधि बालम सिंह नेगी के नेतृत्व में पथरी में टिहरी बांध विस्थापित लोग इकट्ठा हुए। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में रेत व कोरसेण के बजाय पांगी का इस्तेमाल किया जा रहा है। सड़क चौड़ीकरण में सड़क किनारे के पेड़ नहीं कटवाए जा रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में सोबन सिंह चौहान, त्रिप्पन सिंह रावत, टिहरी डोब नगर ग्राम प्रधान खुशी दास, जोध सिंह चौहान, ऋषिराम चमोली, बिजेंद्र चौहान, प्रदीप रावत, दीपक रावत, नानू कश्यप, भगवान सिंह चौहान आदि शामिल रहे।