हरिद्वार। मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी खेल महाकुंभ में अंडर-19 बालक वर्ग फुटबाल प्रतियोगिता में रोमांच अपने चरम पर रहा। सेमीफाइनल से लेकर फाइनल मुकाबले तक खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल और खेल भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में टिहरी गढ़वाल और पिथौरागढ़ के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
पिथौरागढ़ की टीम ने बेहतरीन रणनीति और तालमेल का परिचय देते हुए 2-1 से जीत दर्ज कर फाइनल में स्थान सुनिश्चित किया। दूसरा सेमीफाइनल नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल के बीच हुआ। इस मुकाबले में पौड़ी गढ़वाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-0 से जीत हासिल फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला पिथौरागढ़ और पौड़ी गढ़वाल के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं, जिसके बाद निर्णय पेनल्टी शूटआउट से हुआ।
रोमांचक पेनल्टी शूटआउट में पिथौरागढ़ ने 5-4 से जीत दर्ज कर मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम कर ली। तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में टिहरी गढ़वाल ने नैनीताल को पराजित कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता और उपविजेता टीमों व खिलाड़ियों काे मेडल एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए।