फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मनरेगा और सड़क धांधली पर बैठाई जांच

Mon, 22 May 2017 11:03 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो हरिद्वार
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने सोमवार को दिशा के तहत जनपद में केंद्रीय योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में मनरेगा घोटाला और सड़क निर्माण में धांधली पर सांसद ने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की धीमी गति पर भी सांसद ने नाराजगी जताई। गड़बड़ी के मामलों की जांच के निर्देश जिलाधिकारी को दिए गए हैं।

सीसीआर में अधिकारियों के साथ योजनाओं की समीक्षा करते हुए सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने बारी-बारी से योजनाओं की प्रगति जानी। जैसे जैसे अधिकारी योजनाओं का ब्यौरा रखते रहे, बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता उन योजनाओं की धरातल पर हकीकत बयान करते रहे। सांसद निशंक ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की समीक्षा करते हुए पूछा कि अभी तक जनपद में कौन कौन से गांव इस योजना से नहीं जुड़ पाए। क्या इसके लिए सर्वे किया गया।
विज्ञापन


योजना से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से पोलनेट के माध्यम से जानकारी भेजी गई है। इस पर निशंक ने नाराजगी जताते हुए सर्वे के निर्देश दिए। इसी बीच चुड़ियाला क्षेत्र के बालेकी युसूफपुर जिला पंचायत सदस्य अमन त्यागी ने इकबालपुर से खानपुर होते हुए खजूरी जाने वाले मार्ग के अधर में लटके निर्माण का मुद्दा उठाया। अमन त्यागी ने धांधली का आरोप लगाते हुए कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही ठेकेदार को भुगतान कर दिया गया। सांसद निशंक के पूछने पर अधिकारी ने बताया कि निर्माण कार्य जुलाई 2017 में पूरा होना है और अभी तक 65 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने सवाल उठाया कि 65 प्रतिशत कार्य ढाई साल में पूरा हुआ तो एक महीने में 35 प्रतिशत कार्य कैसे पूरा होगा। अधिकारी ने ग्रामीणों की मांग पर चौड़ीकरण का प्रस्ताव अलग से भेजने का हवाला दिया।

सांसद निशंक ने इसे अनियमितता बताते हुए जिलाधिकारी को जांच के निर्देश दिए। मंगलौर से आए कुछ ग्रामीणों ने निजामपुर की सड़क निर्माण डेढ़ साल से लटकने की शिकायत की। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ओपी सिंह का कहना था कि ठेकेदार को भुगतान नहीं हो पाया है और खनन सामग्री भी नहीं मिल पा रही है। सांसद ने डीएम को सड़क का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। वहीं मनरेगा के कार्यों पर झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल और ज्वालापुर विधायक सुरेश राठौर ने सवाल उठाए।       
विज्ञापन


दोनों विधायकों ने मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों की सूची पर भी उंगली उठाई। विधायक कर्णवाल ने कहा कि मनरेगा में 50 प्रतिशत कार्य भी नहीं हुए। विधायक राठौर और कर्णवाल उनका कहना था कि पर्याप्त प्रचार प्रसार के बाद ग्रामीणों से योजना के संबंध में प्रस्ताव मांगे जाए। लक्सर विधायक संजय गुप्ता ने बासमती रिसर्च सेंटर खोलने की मांग रखी। बैठक में जिलाधिकारी दीपक रावत सहित सभी विभागों के अधिकारी और विधायक ममता राकेश, भाजपा जिलाध्यक्ष हरिद्वार डा. जयपाल सिंह, रुड़की जिलाध्यक्ष कल्पना सैनी, पूर्व जिालध्यक्ष ओमप्रकाश जमदग्नि, पंकज सहगल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रीता चमोली, पार्षद कन्हैया खेवड़िया, विनोद मिश्रा आदि जिले भर के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें