हरिद्वार/पथरी। पथरी थाना क्षेत्र के ग्राम धनपुरा में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) व पुलिस ने एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारते हुए नशीले इंजेक्शन और नशीली दवाइयों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बिना लाइसेंस के मेडिकल स्टोर संचालित कर नशे के इंजेक्शन और गोलियां बेच रहा था। मेडिकल से 66 इंजेक्शन और 3300 गोलियां बरामद हुईं हैं। आरोपी पूर्व में एक मेडिकल एजेंसी पर काम कर चुका है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि एएनटीएफ के उप निरीक्षक रणजीत सिंह तोमर, हेड कांस्टेबल राजवर्धन, मुकेश कुमार, जयपाल सिंह के साथ गश्त करते हुए फेरूपुर पहुंचे। जहां सूचना मिली कि धनपुरा में जनता मेडिकल स्टोर पर नशीले इंजेक्शन व गोलियां बेची जा रही है। इस पर एएनटीएफ व पुलिस की संयुक्त टीम ने जनता मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। पूछताछ करते हुए मेडिकल स्टोर संचालक शहबान निवासी ग्राम धनपुरा थाना पथरी से लाइसेंस मांगा, लेकिन वह दिखा नहीं पाया। इसके बाद दुकान की तलाशी ली। तब काउंटर के अंदर से नशीली दवाइयां, इंजेक्शन बरामद हुए।
थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि मौके से बरामद दवाइयां व इंजेक्शनों की ड्रग इंस्पेक्टर से तस्दीक कराई। 66 नशीले इंजेक्शन और 3300 अलग-अलग नशीली गोलियां बरामद हुई हैं। आरोपी शहबान के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
कुछ दिन पहले सिडकुल में पकड़ी थी खेप
नशीले इंजेक्शनों की तस्करी करने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कुछ दिन पहले सिडकुल क्षेत्र में 4600 नशीले इंजेक्शनों की खेप के साथ पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इससे पहले भी कई बार इंजेक्शनों के साथ कई लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।