बारिश के बीच जिलाधिकारी ने डाक कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा का लिया जायजाो
माई सिटी रिपोर्टर
हरिद्वार। जिले में हो रही भारी बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने डाक कांवड़ यात्रियों के बीच पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं से गंगा घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। इसके साथ ही गंगा घाटों पर तैनात सुरक्षा बलों, पुलिस जवानों और संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ने या तेज बहाव की स्थिति में कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। घाटों पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि गंगा घाटों और कांवड़ यात्रा मार्गों पर मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए। संवेदनशील व जोखिम वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए श्रद्धालुओं को ऐसे स्थानों पर जाने से रोका जाए। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने डाक कांवड़ यात्रियों से अपील की कि भारी बारिश के दौरान गंगा में स्नान करने और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें।
जिलाधिकारी जलभराव वाले क्षेत्रों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल जल निकासी की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जलभराव की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आमजन और कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में भारी वर्षा के कारण किसी भी क्षेत्र में कोई घटना घटित होने पर इसकी तत्काल सूचना कंट्रोल रूम को दी जाए, ताकि राहत एवं बचाव कार्यों को बिना किसी देरी के शुरू किया जा सके। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।