सिडकुल से सटे रावली महदूद से एक चार साल की मासूम का अपहरण कर अपने साथ ले गई पड़ोसन युवती गणतंत्र दिवस पर रोहतक (हरियाणा) के रेलवे स्टेशन पर पुलिस के हत्थे चढ़ गई। रोहतक पुलिस की सूचना पर पहुंची सिडकुल पुलिस मासूम और अपहरणकर्ता को यहां ले आई। पुलिस पूछताछ में अपहरण का ठोस मकसद साफ नहीं हो सका है।
क्षेत्र के रावली महदूद के रहने वाले सीताराम ने 24 जनवरी को पुलिस को सूचना दी कि उसकी चार साल की बेटी रचना गायब है। पुलिस ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी लेकिन कोई सुराग नहीं लगा था। गणतंत्र दिवस को रोहतक पुलिस ने सिडकुल पुलिस को सूचना दी कि उनसे यहां से लापता मासूम बरामद कर ली है, उसे ले जा रही अपहरणकर्ता युवती भी हत्थे चढ़ी है। स्थानीय पुलिस रोहतक के लिए रवाना हुई। पुलिस मासूम और अपहरणकर्ता को हरिद्वार ले आई।
थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह ने बताया कि आरोपी युवती सोनिया पुत्री पृथ्वी सिंह निवासी चांदपुर देवबंद सहारनपुर यूपी की है। ये मासूम के पड़ोस में ही किराये पर रहती है और एक फैक्ट्री में कार्यरत है। एसओ ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी युवती ने यह कबूला कि उसे मासूम बेहद पसंद थी। हालांकि ये बात पुलिस को भी हजम नहीं हो रही है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि कही युवती के किसी बच्चा चोर गैंग से तो संबंध नहीं है। एसओ ने बताया कि मासूम को उसके परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है।